जालंधर। महानगर शहर के भार्गव कैंप इलाके में पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के ठिकाने पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। रेड के दौरान हिमाचल मार्का शराब समेत करीब ढाई पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जबकि आरोपी राजन कोहली मौके से फरार हो गया।
एक्साइज इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि अवैध शराब बिकने की सूचना मिलने पर भार्गव कैंप पुलिस के साथ कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान एक पेटी हिमाचल मार्का सहित कुल ढाई पेटी शराब बरामद कर जब्त की गई और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
हैरानी की बात यह रही कि पुलिस और एक्साइज विभाग की कार्रवाई के दौरान भी कई ग्राहक शराब खरीदने के लिए मौके पर पहुंच गए। ग्राहकों ने बताया कि वे यहां से रोजाना 60 रुपये में एक पव्वा खरीदते हैं। हालांकि पुलिस ने सभी को वापस भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजन कोहली के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं और वह कई बार गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन हर बार फिर से अवैध शराब का कारोबार शुरू कर देता है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने मकान को सील कर दिया है।

