चार रंगों वाले डस्टबिन अपनाने का दिया संदेश, स्वच्छता अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक

voice punjabtime
2 Min Read

 

जगराओं। पंजाब सरकार द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स और स्वच्छ भारत मिशन के तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर काउंसिल जगराओं ने “स्वच्छता बारे सब नूं दसणा, चार रंग चेते रखणा” अभियान के तहत शुक्रवार को आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जगराओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

नगर काउंसिल के प्रधान कंवरपाल सिंह, कार्यसाधक अधिकारी मोहित शर्मा के निर्देशों पर सैनिटरी इंस्पेक्टर अनिल कुमार और सीएफ रमिंदर कौर की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी गई।

अनिल कुमार और रमिंदर कौर ने बताया कि प्रत्येक घर में चार अलग-अलग डस्टबिन लगाए जाने चाहिए, जिनमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सैनिटरी/डायपर वेस्ट और खतरनाक कचरा अलग-अलग रखा जाए। इसके बाद यह कचरा सफाई कर्मचारियों को भी अलग-अलग ही सौंपा जाए, ताकि उसका सही तरीके से निस्तारण किया जा सके और शहर को स्वच्छ रखा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को घर में ही गीले कचरे से जैविक खाद (कम्पोस्ट) तैयार करने के तरीके भी बताए गए। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल छोड़कर स्टील के बर्तनों तथा पत्तों से बनी पत्तलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल सीमा शर्मा, आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल का स्टाफ, कर भला हो भला एनजीओ के प्रधान विशाल शर्मा, सुनील बजाज, नीरज कटारिया, रोहित अरोड़ा, हरपिंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *