17 जुलाई से करटोली रेलवे स्टेशन पर दौड़ेंगी दो नई ट्रेनें

voice punjabtime
3 Min Read

 

पीएम मोदी करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, कंडी क्षेत्र को मिली रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात

तलवाड़ा/हाजीपुर। देश की आजादी के 79 वर्ष बाद कंडी क्षेत्र के ब्लॉक तलवाड़ा और हाजीपुर के ग्रामीण इलाकों के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा रेल संपर्क का सपना साकार होने जा रहा है। 17 जुलाई को गांव करटोली स्थित नव-निर्मित अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन से दो नई ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू होगा। रेलवे विभाग उद्घाटन और संचालन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जालंधर से ही वर्चुअल माध्यम से नंगल–तलवाड़ा–मुकेरियां नई ब्रॉडगेज रेल लाइन पर बने पहले रेलवे स्टेशन करटोली का भी लोकार्पण करेंगे।

वरिष्ठ भाजपा नेता रघुनाथ सिंह राणा और सुशील कुमार पिंकी ने कहा कि 17 जुलाई का दिन ब्लॉक तलवाड़ा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

रेल मंत्रालय ने दी दो बड़ी सौगात

केंद्रीय रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए करटोली–अंबाला सिटी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही दिल्ली–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस का विस्तार कर उसे अब सीधे करटोली तक चलाने का निर्णय लिया गया है।

इन दोनों ट्रेनों के संचालन से पंजाब के तलवाड़ा और हाजीपुर ब्लॉकों के अलावा हिमाचल प्रदेश के जसवां-प्रागपुर और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्रों सहित आसपास के अनेक ग्रामीण इलाकों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

यह रहेगा करटोली–अंबाला सिटी एक्सप्रेस का समय

रेलवे विभाग द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार—

करटोली से प्रस्थान: सुबह 8:30 बजे

अंबाला सिटी आगमन: शाम 4:15 बजे

अंबाला सिटी से प्रस्थान: दोपहर 12:55 बजे

करटोली आगमन: रात 8:25 बजे

चार राज्यों से सीधा संपर्क होगाग

नई रेल सेवा से पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। इससे यात्रियों के समय और यात्रा खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी, जबकि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल रेलवे स्टेशन या नई ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि पूरे कंडी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई आधारशिला है। उनका मानना है कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में क्षेत्र के कायाकल्प का माध्यम बनेगी और चार राज्यों को जोड़ने वाली यह रेल कनेक्टिविटी विकास का नया अध्याय लिखेगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *