मोगा के कस्बा धर्मकोट से कोट ईसे खां रोड पर 4 अगस्त की रात पैदल जा रहे एक मजदूर की आवारा पशुओं की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड निवासी संजय प्रधान (41) के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। थाना कोट ईसे खां के एएसआई नछतर सिंह ने बताया कि झारखंड निवासी नकुल प्रधान ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका बेटा संजय प्रधान पिछले कुछ समय से मोगा जिले के गांव नसीरपुर जानियां में निर्माणाधीन चर्च में मजदूरी कर रहा था। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे संजय धर्मकोट से कोट ईसे खां रोड स्थित गांव नसीरपुर जानियां की ओर पैदल जा रहा था। रास्ते में अंधेरा होने के कारण आवारा पशुओं की चपेट में आने से वह जमीन पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना परिजनों को झारखंड में दी गई। इसके बाद परिवार के सदस्य 5 अगस्त को मोगा पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

