मोगा शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) मोगा ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब स्कूल खेल-2026 (जोनल स्तर) की अंडर-19 बालिका बैडमिंटन टीम स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने कहा कि टी.एल.एफ की छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, शानदार टीमवर्क, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का परिचय देते हुए जोनल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। इस शानदार जीत के साथ टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। टीम की सभी खिलाड़ी अब जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। चेयरमैन इंजीनियर जनेश गर्ग, डायरेक्टर डॉ. मुस्कान गर्ग तथा स्कूल प्रबंधन ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है तथा उन्हें विश्वास है कि छात्राएं जिला और राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगी। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता द लर्निंग फील्ड–ए ग्लोबल स्कूल की शिक्षा के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, अनुशासित एवं भविष्य के चैंपियन के रूप में तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यालय परिवार ने पूरी टीम को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

