गाड़ियां दिलाने के नाम पर 19.38 लाख की ठगी, आरोपी ने न गाड़ियां दीं, न पैसे लौटाए; चेक भी हुए बाउंस

voice punjabtime
2 Min Read

 

 

गांव राजेयाना निवासी एक व्यक्ति से गाड़ियां दिलाने के नाम पर करीब 19.38 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा की गई लंबी जांच के बाद थाना बाघापुराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

थाना बाघापुराना के एएसआई बूटा सिंह ने बताया कि गांव राजेयाना निवासी गुरदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जसप्रीत सिंह उर्फ रिंकू निवासी वार्ड नंबर 14, मानसा, दिल्ली से गाड़ियां लाकर बेचने का कारोबार करता है। आरोपी ने गुरदेव सिंह को स्कॉर्पियो, एक्सयूवी और क्रेटा सहित अन्य गाड़ियां दिलाने का झांसा देकर सौदा तय किया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों पर नकद, आरटीजीएस और गूगल पे के माध्यम से गुरदेव सिंह से कुल 19,38,000 रुपये हासिल कर लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने पीड़ित को कोई भी गाड़ी उपलब्ध नहीं करवाई। पुलिस जांच के दौरान 18 जनवरी 2025 को दोनों पक्षों के बीच हुआ एक समझौता पत्र भी सामने आया। इसमें आरोपी जसप्रीत सिंह ने स्वीकार किया था कि उसने गुरदेव सिंह से कुल 19,38,000 रुपये लिए हैं। जांच के दौरान आरोपी ने 4.50 लाख रुपये की एक सियाज कार एडजस्ट कर दी, जबकि बाकी 14.88 लाख रुपये की राशि लौटाने के लिए उसने गुरदेव सिंह को पांच अलग-अलग बैंक चेक दिए।

पीड़ित ने जब ये चेक बैंक में लगाए तो सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट और अधिकारियों की अनुशंसा के आधार पर थाना बाघापुराना पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ रिंकू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *