कांग्रेसी पार्षदों ने नगर निगम की लापरवाह अफसरशाही और सरकार के खिलाफ दिया धरना

voice punjabtime
3 Min Read

 

रणजीत एवेन्यू नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को कांग्रेसी पार्षदों ने एकजुट होकर पार्षद विकास सोनी की अध्यक्षता में शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर अफसरशाही और सरकार के खिलाफ धरना दिया। विकास सोनी ने कहा कि शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम और सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन कई इलाकों में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सोनी ने कहा कि अमृतसर शहर की हालत लगातार बदतर होती जा रही है, लेकिन मेयर और निगम प्रशासन जनता की समस्याओं का समाधान करने में गंभीर नजर नहीं आ रहे। शहर के लोग कूड़े, सीवरेज, गंदे पानी, बंद स्ट्रीट लाइटों और टूटी सड़कों जैसी बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। सोनी ने निगम के विभिन्न टेंडरों में लगाए जा रहे घपले और अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि टेंडरों की शर्तें, कंपनियों को दिए काम, भुगतान और काम की गुणवत्ता का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए तथा यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारी तय की जाए। सोनी ने नगर निगम की अफसरशाही को चेतावनी देते कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार अब केवल 3-4 महीने की मेहमान है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके पिछले कार्यकाल के दौरान किए कार्यों, फैसलों, टेंडरों और सरकारी धन के इस्तेमाल का पूरा ब्यौरा लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार या नियमों की उल्लंघना के तथ्य सामने आते हैं तो कानून के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक अमृतसर की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं होता और नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता नहीं आती, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर पार्षद सतीश बल्लू, परमजीत चोपड़ा, सोनू पहलवान, सुरिंदर शिंदा, अमन वेरका, एडवोकेट करण पुरी, सोनू दत्ती, गौरव खन्ना, केवल कुमार, यूनिस कुमार, महेश खन्ना आदि मौजूद थे।

 

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *