पंजाब अनएडेड कालेजेस एसोसिएशन (पुक्का) के आई.एस.एफ.कालेज आफ फार्मेसी मोगा के चेयरमैन प्रवीण गर्ग बने प्रदेश महासचिव

voice punjabtime
7 Min Read

शिक्षा एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के क्षेत्र में मोगा शहर और आई.एस.एफ. कॉलेज ऑफ फार्मेसी के नाम एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। आई.एस.एफ. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मोगा के चेयरमैन प्रवीण गर्ग को पंजाब के प्रतिष्ठित संगठन पंजाब अनएडेड कॉलेजेस एसोसिएशन (पुक्का) का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। पंजाब भर के गैर-सहायता प्राप्त (अनएडेड) कॉलेजों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस प्रमुख संगठन द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसोसिएशन ने उनके लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। यह नियुक्ति मोगा स्थित होटल ताज में आयोजित पंजाब अनएडेड कॉलेजेस एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक के दौरान की गई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पंजाब के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियों का विस्तार करते हुए श्री अभिषेक जिंदल को सचिव तथा दविंदरपाल सिंह रिंपी को कन्वीनर नियुक्त किया गया। इस अवसर पर पंजाब अनएडेड कॉलेजेस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंशु कटारिया, आर्यन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, चंडीगढ़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रवीण गर्ग का महासचिव पद पर चयन एसोसिएशन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुभव, कार्यशैली एवं नेतृत्व क्षमता से पंजाब के अनएडेड कॉलेजों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को और प्रभावी ढंग से उठाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने, कॉलेजों की स्वायत्तता, प्रशासनिक चुनौतियों एवं निजी शिक्षण संस्थानों के हितों की रक्षा के लिए पुक्का निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवीण गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एसोसिएशन की गतिविधियों को और अधिक विस्तार मिलेगा तथा पंजाब के विभिन्न कॉलेजों की समस्याओं को संबंधित सरकारी एवं नियामक संस्थाओं के समक्ष संगठित एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जा सकेगा। उनके महासचिव बनने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों की आवाज राज्य स्तर पर और अधिक मजबूती से उठाई जा सकेगी। इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अमित शर्मा, अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, अमृतसर; गुरदयाल बुट्टर, अध्यक्ष पंजाब नर्सिंग एसोसिएशन; एडवोकेट परमपाल बुट्टर, भाई कन्हैया ग्रुप ऑफ कॉलेजेज; अभिषेक जिंदल, सी.एम.डी. एस.एफ.सी. ग्रुप; के.के. कौड़ा, चेयरमैन लाला लाजपत राय ग्रुप; अशोक गर्ग, चेयरमैन शुकदेवा कृष्णा कॉलेज; मनोज बांसल, चेयरमैन सत्यम कॉलेज; डॉ. विनोद गोयल, बाबा मंगल सिंह कॉलेज ग्रुप; सुरेश मित्तल, मानिक कॉलेज धर्मकोट; जसवंत दानी, टैगोर कॉलेज ऑफ एजुकेशन; डॉ. सुखदेव सिंह, संत कबीर कॉलेज जीरा; राजीव गुलाटी; सुभाष ग्रोवर, लुधियाना ग्रुप ऑफ कॉलेजेज; हीरा लाल शर्मा; शिवम वशिष्ठ, फिरोजपुर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज; रविंदर सी.ए. तथा विक्की सिंगल, आर्यभट्ट कॉलेज बरनाला सहित पंजाब के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के चेयरमैन, अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू, सी.ए.सी. के चांसलर रशपाल सिंह धालीवाल, डॉ. जे.एस. धालीवाल, सिटी ग्रुप के चांसलर एस.एस. चन्नी एवं दोआबा कॉलेज के मंजीत सिंह ने अपने बधाई संदेशों में नवनियुक्त महासचिव प्रवीण गर्ग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महासचिव पद पर उनकी नियुक्ति उनके लंबे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच से पुक्का को नई दिशा एवं मजबूती मिलेगी। साथ ही पंजाब के निजी एवं अनएडेड शिक्षण संस्थानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने तथा शिक्षा जगत के हितों को आगे बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। पंजाब अनएडेड कॉलेजेस एसोसिएशन के नवनियुक्त महासचिव प्रवीण गर्ग ने अपनी नियुक्ति पर एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण एवं तनदेही के साथ निभाएंगे। यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि पंजाब के निजी एवं अनएडेड शिक्षण संस्थानों के हितों की रक्षा करने और प्रदेश में उच्च शिक्षा के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि एसोसिएशन के सभी सदस्यों को साथ लेकर सामूहिक रूप से कार्य किया जाए तथा कॉलेजों के सामने आने वाली शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं नीतिगत चुनौतियों का समाधान करवाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। निजी शिक्षण संस्थानों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना, कॉलेजों की समस्याओं को संबंधित सरकारी एवं नियामक संस्थाओं के समक्ष उठाना, संस्थानों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावशाली बनाना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। गर्ग ने विशेष रूप से पुक्का के अध्यक्ष श्री अंशु कटारिया, सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं पंजाब के विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधकों का उन पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग, विश्वास एवं मार्गदर्शन उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वह सभी को साथ लेकर पुक्का को और अधिक संगठित, सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा पंजाब में उच्च शिक्षा के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस उपलब्धि पर आई.एस.एफ. कॉलेज ऑफ फार्मेसी के डायरेक्टर डॉ. जी.डी. गुप्ता, आई.एस.एफ.सी.पी.आर. के प्रिंसिपल डॉ. आर.के. नारंग, डीन एग्जामिनेशन इंजीनियर जसप्रीत इंद्र सिंह तथा समस्त आई.एस.एफ. परिवार ने प्रवीण गर्ग को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रवीण गर्ग को मिली यह नई जिम्मेदारी न केवल मोगा शहर के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पंजाब के तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके नए दायित्व से प्रदेश के निजी शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय, सहयोग एवं उच्च शिक्षा के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

फोटो-मोगा के होटल ताज में पंजाब अनएडेड कालेजेस एसोसिएशन (पुक्का) के नवनियुक्त महासचिव बने आई.एस.एफ.कालेज आफ फार्मेसी मोगा के चेयरमैन प्रवीण गर्ग का सम्मान करते हुए पंजाब अनएडेड कॉलेजेस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंशु कटारिया, आर्यन ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, चंडीगढ़ व अन्य पदाधिकारी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *