जालंधर में दर्दनाक हादसा: ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर ने ई-रिक्शा को रौंदा, दादी-पोती की मौत; रात 3 बजे थाने के बाहर हंगामा

voice punjabtime
2 Min Read

 

जालंधर। शहर के बस्ती इलाके में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। एमएस फार्म के पास ओवरस्पीड फॉर्च्यूनर कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार की दादी और 10 वर्षीय पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने चालक पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। मृतकों की पहचान शीतल शर्मा और उनकी पोती माही शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़ीं और आरोप है कि चालक ने उन्हें कुचलते हुए कार आगे बढ़ा दी। परिवार के सदस्य ई-रिक्शा में मार्केट से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा पीड़ित महिला के भाई का था, जिसकी टक्कर में टांग टूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर पहले ई-रिक्शा से टकराई और फिर खंभे से जा भिड़ी। लोगों ने बताया कि चालक को होश नहीं था और वह गिरे हुए लोगों को कुचलता हुआ निकल गया। आरोपी का तुरंत मेडिकल न कराए जाने पर देर रात करीब 3 बजे बस्ती बावा खेल थाने के बाहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि जब परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने गेट बंद कर अंदर से ताला लगा लिया। इस पर एसएचओ जयइंद्र ने सफाई देते हुए कहा कि माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए गेट बंद किया गया था। हंगामे के बाद आरोपी का मेडिकल कराया गया। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर शहर में ओवरस्पीड और कथित नशे में ड्राइविंग के बढ़ते खतरे को उजागर करता है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *