पंजाब भर में किसान संगठनों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिप्टी कमिश्नर कार्यालयों के बाहर लगाया गया धरना शनिवार को छठे दिन में प्रवेश कर गया। इसी कड़ी में मोगा के मिनी सचिवालय में भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) की ओर से SSP कार्यालय का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने SSP कार्यालय के गेट बंद कर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।किसान नेताओं ने कहा कि यह धरना पंजाब भर में चल रहे किसान संघर्ष का हिस्सा है। किसान नेता बलौर सिंह ने बताया कि किसानों पर दर्ज कथित बेवजह मामलों को रद्द करवाना उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है। इसके अलावा संगरूर में एक निर्दोष युवक के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अत्याचार तथा दिल्ली में पत्रकारों के साथ हुए कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में भी प्रदर्शन किया गया।
किसान नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से कई बार कहा गया है कि पंजाब का धुआं दिल्ली नहीं पहुंच रहा, इसके बावजूद पंजाब के किसानों के खिलाफ लगातार मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जो गलत है। उन्होंने मांग की कि किसानों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को रद्द किया जाए।
उन्होंने बताया कि किसानों की अन्य प्रमुख मांगों में लैंड पूलिंग नीति, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते सहित कई अन्य मांगें भी शामिल हैं। किसान नेता ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों को नहीं माना तो भारतीय किसान यूनियन उगराहां की स्टेट कमेटी की ओर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार संघर्ष का अगला कार्यक्रम तय किया जाएगा।

