जिला पुलिस मोगा की ओर से सितंबर महीने में नशा तस्करों और अन्य अपराधों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नशे से संबंधित 129 मामले दर्ज कर 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 16.778 किलोग्राम हेरोइन, 87 किलोग्राम चूरा-पोस्त, 3,422 नशीली गोलियां और 4,15,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 582.750 लीटर अवैध शराब, 45 लीटर नाजायज शराब, 100 लीटर लाहन और एक चालू भट्ठी भी बरामद की।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने 9 पिस्तौल, 5 राइफलें, 14 मैगजीन और 135 जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं चोरी के मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक कार, 17 मोटरसाइकिल, 5 मोबाइल फोन, 4 सोने की अंगूठियां, एक सोने का कड़ा, एक जोड़ी सोने की बालियां और तेजधार हथियार बरामद किए गए।
एसएसपी मोगा सरताज सिंह चाहल, आईपीएस ने कहा कि नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

