सुनाम ऊधम सिंह वाला । सरकार के रवैये से ख़फ़ा दो बेरोज़गार पीटीआई शिक्षक, मुख्यमंत्री भगवंत मान के गाँव सतौज में पानी की टंकी पर चढ़ गए और नारेबाज़ी करके रोष प्रदर्शन किया । उक्त पानी की टंकी अनाज मंडी के नजदीक है और पीटीआई बेरोजगार शिक्षक, पंजाब के पांच जिलों में एकसाथ आंदोलन कर रहे हैं । यूनियन के अन्य सदस्यों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और रोष जताया । पानी की टंकी पर चढ़े गोबिंद सिंह जखेपल और अंग्रेज़ सिंह सेदेवाल ने कहा कि शिक्षा विभाग ने 16 दिसंबर 2021 को प्राइमरी कैडर के तहत 2000 पीटीआई पदों का विज्ञापन दिया था और इस भर्ती के लिए सर्विस रोल का काम लगभग चार महीने में पूरा कर लिया गया । लेकिन अभी तक इन पदों के पोर्टल के माध्यम से फार्म ऑनलाइन नहीं भरे जा रहे हैं, जिसके कारण बेरोजगार पीटीआई अध्यापकों में भारी रोष है। विरोध स्वरूप सोमवार 28 अप्रैल को मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव में बेरोजगार अध्यापकों की तरफ से आंदोलन किया गया है । उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कई बार मुख्यमंत्री समेत सरकार के मंत्रियों से मुलाक़ात हो चुकी है । सभी की ओर से जल्द भर्ती का भरोसा दिलाया जाता रहा है । लेकिन उनके साथी ओवर ऐज हो रहे हैं । इस मौके पर यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष गोबिंद सिंह संगरूर और यूनियन के अन्य साथी गुरमीत सिंह चहल, करमजोत सिंह कुलन्ना, बलकार सिंह धालीवाल, भूपिंदर सिंह जगसीर सिंह डुडियन, सतनाम सिंह भादरा, संदीप सिंह, बलदीप बिंदर सिंह और काका भादरा मौजूद थे।

