पराली प्रबंधन में बेहतरीन काम करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया

voice punjabtime
4 Min Read

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निर्देशानुसार रबी फसलों की तकनीकी जानकारी देने और प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग के संबंध में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण(एटीएमए) के सहयोग से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में जिला स्तरीय किसान प्रशिक्षण कैंप एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

इस कैंप में राज्यसभा सांसद -कम- चांसलर, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी डा.अशोक कुमार मित्तल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। कैंप का उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल ने किया। दोनों अतिथियों ने सरकारी विभागों एवं संस्थानों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों/प्रदर्शन का अवलोकन किया और विशेष रुचि दिखाई।

डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल ने कहा कि कृषि विशेषज्ञों से आज रबी फसलों के बारे में जो तकनीकी ज्ञान प्राप्त हुआ है, उसे किसान अपने खेतों में अपनाकर लाभ उठाएं।

कैंप में विशेष अतिथि तौर पर उपस्थित डा. अरुण कुमार, ज्वाईंट निदेशक कृषि ने किसानों को भूगर्भ जल बचाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य कृषि अधिकारी डा. एचपीएस भरोत ने मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित किसानों का स्वागत किया तथा संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब राज्य के कुल क्षेत्रफल का 3.2% हिस्सा कपूरथला जिला पंजाब की अन्न उत्पादन में 3.3% गेहूं, 4.1% चावल, 2.2% मक्का और 4.5% गन्ने का योगदान देता है। उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं एवं रबी फसलों के प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन एवं विभाग की कोशिशों से धान की पराली जलाने की घटनाओं में पिछले साल की तुलना में अब तक 56 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

इस कैंप में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने तकनीकी जानकारी दी, जिसमें डा.गगनदीप सिंह धवन ने मिट्टी परीक्षण एवं उर्वरकों का उपयोग, डा.जसपाल सिंह ने उर्वरकों का उपयोग, डा. उजागर सिंह वालिया ने गेहूं में खरपतवार नियंत्रण, डा. हरमीत सिंह ने गेहूं की किसमें, डा. सुमन जोली ने गेहूं के कीट-रोग, डा.अमनदीप कौर ने सब्जियों की खेती, डा. राजिंदर कुमार ने गन्ने की फसल, डा. अनिल सूद ने मौसम संबंधी, जसमींदर सिंह बिंद्रा ने नाबार्ड बैंक की योजनाएं तथा कंवलजीत सिंह, एलडीएम ने विस्तृत जानकारी सांझा की।

कैंप को सफल बनाने में डा. जसपाल सिंह संधू (कुलपति, एलपीयू), डा. प्रदीप सिंह सुलेजा डीन, स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर तथा डा.परमजीत सिंह महे कृषि अधिकारी, फगवाड़ा का विशेष योगदान रहा। डा.सतनाम सिंह, कृषि अधिकारी नडाला ने मंच संचालन किया।

किसान मेले में कृषि एवं सहायक विभागों द्वारा प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिसमें किसानों ने भरपूर रुचि दिखाई और जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पराली प्रबंधन में बेहतरीन कार्य करने वाले अग्रणी किसानों को भी सम्मानित किया गया।

जिला प्रशिक्षण अधिकारी, कपूरथला डा. गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथियों, सभी विशेषज्ञ टीम एवं आए हुए किसानों का धन्यवाद किया।

इस मौके पर कृषि अधिकारी विशाल कौशल, गुरविंदर सिंह संधू, कृषि विकास अधिकारी गुरजोत सिंह, मनअरसूप कौर, हरकमल सिंह सहोता, कृषि विस्तार अधिकारी परमिंदर कुमार, रणबीर सिंह, मनीम कुमार, डीपीएपी बलराज सिंह एवं समस्त स्टाफ कपूरथला उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किसान प्रशिक्षण कैंप में मंच पर बैठे गणमान्य।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *