जालंधर। शहर के बस स्टैंड के पास स्थित एक इमिग्रेशन दफ्तर में उस समय हड़कंप मच गया जब दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सरेआम लात-घूंसे चलने लगे। इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक सिख नौजवान दफ्तर में प्रवेश करता है और स्टाफ कर्मी से बहस के बाद हाथापाई शुरू हो जाती है। देखते ही देखते अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच जाते हैं और युवक को घेर लेते हैं। इसी दौरान ग्रीन कमीज पहने एक युवक ने किसी वस्तु से सिख नौजवान पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। घटना के दौरान वीडियो में आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिसमें घायल युवक ‘मनिंदर’ नाम लेकर हमले के आरोप लगा रहा है। वहीं, उसके साथी उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। दफ्तर के कर्मियों ने दरवाजा बंद करने की कोशिश की, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। बताया जा रहा है कि ग्रीन कमीज वाले युवक और घायल सिख नौजवान के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था। घटना में तीसरे व्यक्ति द्वारा हमले के आरोप भी लगाए गए हैं। दोनों पक्षों ने बस स्टैंड पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस का कहना है कि बयानों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद सरेआम हो रही गुंडागर्दी को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

