नशा और हथियार सप्लाई करने वाला एक तस्कर गिरफ्तार, 2.1 किलो हेरोइन व सात विदेशी पिस्तौल बरामद

voice punjabtime
2 Min Read

 

अमृतसर। जिला शहरी पुलिस ने नशा और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.1 किलो हेरोइन और सात विदेशी पिस्तौल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी का नाम खुश कुमार उर्फ भोला (26) निवासी गिलवाली गेट है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में था। वह वर्चुअल नंबरों के जरिए अपने हैंडलरों से संपर्क करता था। सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन और हथियारों की खेप मंगवाई जाती थी। इसके बाद आरोपी इन खेपों को आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक बरामद हथियारों में एक 9 एमएम ग्लेडिएटर पिस्तौल (तुर्की निर्मित), एक 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट, एक .30 बोर ब्रेटा पिस्तौल (इटली निर्मित), एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल और अन्य विदेशी .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह हथियार विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने थे।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। आरोपी को पहले हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पूछताछ और जांच के दौरान हथियारों की बरामदगी हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हथियारों और नशे की खेप को आगे सप्लाई करने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में नेटवर्क के अन्य सदस्यों, विदेशी तस्करों और आगे-पीछे के लिंक की जांच की जा रही है।

इस संबंधी थाना सी-डिवीजन में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *