लुधियाना में बड़ी साजिश नाकाम, टेरर-गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े 2 आरोपी गिरफ्तार
जर्मनी और दुबई में बैठे हैंडलरों के इशारे पर करनी थी टारगेट किलिंग, पुलिस ने 3 पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए
पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ट्रांसनेशनल टेरर-गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिल्लौर निवासी अनुराज उर्फ गौरव मसीह और अंकुश के रूप में हुई है। आरोपी अंकुश पहले भी हत्या की कोशिश के मामले में नामजद रह चुका है।
डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी जर्मनी और दुबई में बैठे विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे और उन्हें हाई-प्रोफाइल टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो .30 बोर और एक .315 बोर पिस्तौल सहित 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
सीपी लुधियाना स्वपन शर्मा ने बताया कि सीआईए स्टाफ और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने लाडोवाल थाना क्षेत्र में नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि हार्डीज वर्ल्ड इलाके के पास दो हथियारबंद युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे विदेशी हैंडलरों द्वारा चलाए जा रहे संगठित अपराध नेटवर्क के सक्रिय सदस्य हैं।
पुलिस का कहना है कि विदेश में बैठे हैंडलरों ने अपने नेटवर्क के जरिए आरोपियों तक आधुनिक हथियार पहुंचाए थे और उन्हें खास टारगेट दिए गए थे।
फिलहाल थाना लाडोवाल में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

