मोगा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार डिम्पल अरोड़ा ने राजनीति में पहली बार कदम रखते हुए शानदार जीत हासिल की है। एक हाउसवाइफ के रूप में अपनी पहचान रखने वाली डिम्पल अरोड़ा ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए आम आदमी पार्टी के मेयर परवीन पीना की पत्नी कमलेश रानी को 55 वोटों से हराकर वार्ड में जीत दर्ज की। जानकारी के अनुसार, डिम्पल अरोड़ा के पति साहिल अरोड़ा वर्ष 2021 में कांग्रेस पार्टी से नगर निगम चुनाव जीतकर पार्षद बने थे। वार्ड में उनके विकास कार्यों और लोगों के बीच सक्रियता को देखते हुए इस बार वार्डवासियों ने डिम्पल अरोड़ा पर भरोसा जताया और उन्हें अपना पार्षद चुना। जीत के बाद डिम्पल अरोड़ा और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने जश्न मनाते हुए वार्डवासियों का धन्यवाद किया और इस जीत को जनता के विश्वास और विकास कार्यों की जीत बताया।

