नाके पर ट्रैफिक कर्मी पर ट्रक चालक से पैसे लेने की वीडियो वायरल, डीएसपी बोले- आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई करेंगे

voice punjabtime
2 Min Read

 

जालंधर। पंजाब पुलिस की छवि पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो जालंधर के नूरमहल बाईपास से सामने आया है। यहां ट्रैफिक नाके पर तैनात एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर ट्रक चालक से पैसे लेते हुए कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ट्रैफिक नाके पर मौजूद पुलिसकर्मी एक ट्रक को रोकता है और चालक से दस्तावेज दिखाने के लिए कहता है। इसी दौरान चालक पुलिसकर्मी को कुछ पैसे देता नजर आता है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद पुलिसकर्मी बैरिकेड हटाकर ट्रक को आगे जाने की अनुमति दे देता है। जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना ट्रक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में ट्रक चालक ने वीडियो को इंटरनेट पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

 

थाना प्रभारी को पता नहीं, डीएसपी बोले- आरोपों की जांच कर कार्रवाई करेंगे

 

वीडियो से संबंधित थाना नूरमहल प्रभारी लाभ सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं। डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रैफिक नाकों पर तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी कानून और नियमों का पालन करवाना है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच करवाई जाएगी और यदि कोई पुलिसकर्मी गलत कार्य या लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *