धर्मकोट के अंतर्गत गांव चक्क कानियां कलां में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां हरे चारे की साइलेज मशीन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रसीला सिंह निवासी गांव गट्टी जट्टां, धर्मकोट के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रसीला सिंह पिछले कुछ समय से गुरभेज सिंह की साइलेज मशीन पर बतौर ड्राइवर कार्यरत था। मंगलवार शाम करीब 5 बजे काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया या वह संतुलन खो बैठा, जिससे वह सीधे मशीन के कटर की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कुछ ही क्षणों में हो गया। लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर रसीला सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना धर्मकोट की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शुरुआती जांच के आधार पर कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

