जालंधर। अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को 7.63 एमएम पिस्तौल, मैगजीन और 6 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में थाना फिल्लौर की टीम ने विशेष चेकिंग के दौरान जशनप्रीत सिंह को काबू किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद हथियार एक अवैध सप्लायर के माध्यम से हासिल किया गया था। पुलिस जांच में लवप्रीत सिंह उर्फ लाडी का नाम कथित हथियार सप्लायर के तौर पर सामने आया है। पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

