अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, मोगा की ओर से श्रद्धालुओं के लिए एक धार्मिक बस यात्रा का आयोजन 4 जून को किया जा रहा है। इस संबंधी श्याम मंदिर जालंधर कालोनी में धार्मिक यात्रा के निमंत्रण कार्ड जारी किए गए। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला प्रधान महेश गर्ग और महासचिव राजेश शर्मा राजू ने बताया कि यह यात्रा चार जून को मोगा से रवाना होगी और आठ जून को वापस लौटेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों मेहंदीपुर बालाजी मंदिर, सांवरिया सेठ मंदिर, खाटू श्याम जी मंदिर तथा सालासर धाम के दर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वातानुकूलित बस की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अपनी आस्था एवं परंपराओं से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा को रवाना करने के लिए रिटायर्ड पुलिस अधिकारी जगजीत सिंह बराड़ तथा अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष विजय कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस आयोजन को सफल बनाने में सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रमुख सेवादारों में आशु सिंगल, मनोज कुमार, मंगतराम शर्मा, राजेश कुमार, कमल गोयल, कपिल खन्ना, पवन, नरेश कुमार, बंटी, दीपक शर्मा तथा दीपक बंसल शामिल हैं।

