मोगा जिले में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) 50 बिस्तरों वाला जी+1 यूनिट है, जो संक्रामक बीमारियों और स्वास्थ्य आपात स्थितियों के प्रबंधन हेतु चिकित्सा क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
यह ब्लॉक आईसीयू, ऑक्सीजन युक्त बेडों तथा मजबूत इंफेक्शन कंट्रोल व्यवस्थाओं के माध्यम से व्यापक इंटेंसिव केयर सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
आज डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए विशेष रूप से दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (विकास) श्री कुलप्रीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
सीसीबी मोगा की इमारत का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा आंतरिक कार्य, विद्युत एवं पीएच (पब्लिक हेल्थ) संबंधी कार्य प्रगति पर हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी (बी एंड आर) विभाग को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी, इसलिए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को प्रत्येक 15 दिन बाद प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए।

