जगराओं। वर्ल्ड एनवायरनमेंट डे के मौके पर ग्रीन पंजाब मिशन टीम इंटरनेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शहर में एक जागरूकता रोड शो आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले इस्तेमाल करने का संदेश दिया गया।
रोड शो की शुरुआत श्री द्वारकाधीश जी मंदिर से हुई, जो शहर के प्रमुख चौकों और बाजारों से होते हुए लाला लाजपत राय कमेटी पार्क में संपन्न हुआ। इस दौरान सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में बच्चों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण बचाने, पेड़ लगाने और प्रदूषण रोकने से जुड़े आकर्षक स्लोगन और पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। आयोजकों की ओर से बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण तैयार किया जा सके। साथ ही प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए कपड़े के थैलों को अपनाने पर जोर दिया गया।
आयोजन में “कर भला हो भला” टीम की ओर से प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई, जबकि पौधों का वितरण हरिंदरजीत सिंह भुल्लर और राजिंदर जैन (काका) द्वारा किया गया।
रोड शो में लाला लाजपत राय चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी सहित कई संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान कैप्टन नरेश वर्मा ने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने शहरवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

