गढ़शंकर, 4 जून। खुरालगढ़ के जंगलों से 14 वर्षीय नाबालिग युवती का जला हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, सिटी थाना नवांशहर की पुलिस एसएचओ अवतार सिंह के नेतृत्व में देर शाम जिला शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) के गांव जाडला के समीप रहने वाले 23 वर्षीय युवक को साथ लेकर खुरालगढ़ के जंगल में पहुंची। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने नाबालिग युवती के जले हुए शव के अवशेष बरामद किए।
एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि युवती की माता ऊषा ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने युवती की हत्या कर दी थी और शव को एक अटैची में रखकर 29 मई को खुरालगढ़ के जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से शव के अवशेष बरामद कर लिए। अधिकारियों के अनुसार शव बुरी तरह जल चुका था और मौके से केवल कंकाल के कुछ हिस्से ही बरामद हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही हत्या के पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फोटो कैप्शन: खुरालगढ़ के जंगल से बरामद जले हुए शव के अवशेषों को ले जाती पुलिस की गाड़ियां।

