समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही समाज सेवा सोसाइटी मोगा को एक नई एंबुलेंस दान स्वरूप मिली है। मोगा निवासी गुरदीप सिंह दीपा ने अपने बेटे की याद में यह एंबुलेंस सोसाइटी को भेंट की है। समाज सेवा सोसाइटी पिछले लंबे समय से लावारिस शवों के अंतिम संस्कार, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने जैसे सामाजिक कार्यों में जुटी हुई है। नई एंबुलेंस मिलने से सोसाइटी की सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी।सोसाइटी के मेंबर गुरसेवक सिंह सन्नासी ने कहा कि समाज के सहयोग से ही संस्था लगातार मानवता की सेवा कर रही है और भविष्य में भी इसी तरह लोगों की सहायता करती रहेगी।

