जगराओं क्षेत्र में लोन दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर फर्जी फाइनेंस गिरोह का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने शनिवार को लुधियाना के पुलिस जिला प्रमुख (एसएसपी) डॉ. अंकुर गुप्ता को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। मामला उजागर होते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
शिकायतकर्ता अगवाड़ पोना, जगराओं निवासी इमरोज ने बताया कि उसे घर निर्माण के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान उसे कस्बा जोधां में खुले एक फाइनेंस कंपनी के दफ्तर की जानकारी मिली। दफ्तर से जुड़े दो मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर उसे 6 लाख रुपये का लोन आसानी से दिलाने का भरोसा दिया गया।
इमरोज के अनुसार, जब वह जोधां स्थित दफ्तर पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों ने लोन प्रोसेसिंग के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की बात कही। उनकी बातों में आकर उसने बताए गए खाते में 61 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि शेष रकम नकद दे दी।
पीड़ित का आरोप है कि दफ्तर में काम करने वाली युवतियां ग्राहकों को विश्वास में लेती थीं। आरोपियों ने उससे बैंक चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लिए तथा अपना मोबाइल नंबर भी उसके बैंक खाते से लिंक करवा लिया।
जब भी इमरोज लोन के बारे में पूछताछ करता, आरोपी उसे 10-15 दिन का इंतजार करने की बात कहकर टालते रहे। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने आरोप लगाया कि उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कराए गए हैं, लेकिन काम नहीं किया गया।
इसके बाद इमरोज जब बैंक पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक से पता चला कि फर्जी फाइनेंस गिरोह ने अलग-अलग समय पर उसके खाते में कुल 5,71,808 रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते से ट्रांसफर करवा कर खुद ही निकाल लिए।
जब इमरोज जोधां स्थित फाइनेंस दफ्तर पहुंचा तो वहां ताला लटका मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी धोखाधड़ी को अंजाम देकर फरार हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि दफ्तर का कथित हेड पास के एक गांव का रहने वाला है।
एक और पीड़ित आया सामने
इसी तरह, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल अलीगढ़ (जगराओं) के एक गेटकीपर ने भी शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कच्चा मालक रोड पर खोले गए एक फर्जी फाइनेंस दफ्तर के संचालकों ने उससे लोन दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये ठग लिए।
सभी पीड़ितों ने एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से मामले की गहन जांच कर फर्जी फाइनेंस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी की ओर से जांच डीएसपी को सौंपी गई है और जल्द इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया गया है।
जगराओं में लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी फाइनेंस गिरोह के खिलाफ एसएसपी को शिकायत
Leave a comment

